पत्रकारिता में साहस, मानवीय दृष्टिकोण और फैक्ट-चेक की जरूरत: 'द जर्नी ऑफ जर्नलिस्ट' में वक्ताओं का संदेश
पत्रकारिता में साहस, मानवीय दृष्टिकोण और फैक्ट-चेक की जरूरत: 'द जर्नी ऑफ जर्नलिस्ट' में वक्ताओं का संदेश
खरगोन। स्टेट प्रेस क्लब के तत्वावधान में खंडवा में आयोजित 'द जर्नी ऑफ जर्नलिस्ट' कार्यक्रम में निमाड़ अंचल के चार जिलों के पत्रकार एक मंच पर जुटे। कार्यक्रम में वक्ताओं ने बदलते मीडिया परिदृश्य, डिजिटल युग की चुनौतियों और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपने विचार रखे। साथ ही विभिन्न जिलों के वरिष्ठ पत्रकारों का सम्मान भी किया गया।
नई दिल्ली से आए वरिष्ठ पत्रकार राजेश रैना ने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाए रखने में पत्रकारों की अहम भूमिका होती है। उन्होंने कहा कि कठिन परिस्थितियों में भी पत्रकारों को सच के साथ खड़ा रहना चाहिए। उनके अनुसार पत्रकारिता में केवल एक्सक्लूसिव खबरों की होड़ नहीं, बल्कि समाज और मानवीय मूल्यों को प्राथमिकता देने की आवश्यकता है। उन्होंने पत्रकारों से अपनी कलम की ताकत को पहचानने और मूल्यों के साथ काम करने का आह्वान किया।
वरिष्ठ पत्रकार एवं पाञ्चजन्य की संपादक तृप्ति श्रीवास्तव ने कहा कि तकनीक और सोशल मीडिया ने पत्रकारिता की कार्यशैली में बड़ा बदलाव लाया है। उन्होंने बताया कि आज सूचना तेजी से लोगों तक पहुंचती है, लेकिन विश्वसनीयता अब भी खोजी और तथ्य आधारित पत्रकारिता से ही बनती है। उन्होंने कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) के दौर में फैक्ट-चेक को अनिवार्य बताते हुए पत्रकारों से तकनीक का जिम्मेदारी के साथ उपयोग करने की अपील की।
पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं बुरहानपुर विधायक अर्चना चिटनीस ने कहा कि पत्रकारों को अपने कार्यक्षेत्र में विशेषज्ञता विकसित करनी चाहिए। उन्होंने संस्कृति, पर्यावरण और राजनीति जैसे विषयों की गहरी समझ विकसित करने पर जोर दिया। उन्होंने स्टेट प्रेस क्लब की पहल की सराहना करते हुए भविष्य में ऐसे कार्यक्रम बुरहानपुर में आयोजित करने का निमंत्रण भी दिया।
खंडवा विधायक कंचन तनवे ने पत्रकारिता को समाज को दिशा देने वाला मिशन बताते हुए कहा कि मीडिया जनप्रतिनिधियों और जनता के बीच महत्वपूर्ण सेतु का कार्य करता है। वहीं महापौर अमृता अमर यादव ने कहा कि समय के साथ पत्रकारिता में भी बदलाव स्वाभाविक है और मीडिया को नई चुनौतियों के अनुरूप स्वयं को लगातार अपडेट करना होगा।
कार्यक्रम में सीएच ग्रुप के राजू जैन और उद्योगपति-साहित्यकार आलोक सेठी ने भी पत्रकारिता में सकारात्मक बदलाव, नवाचार और सामाजिक उत्तरदायित्व पर अपने विचार रखे।
इस अवसर पर खरगोन, खंडवा और बड़वानी जिले के कई वरिष्ठ पत्रकारों को पत्रकारिता में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। खरगोन से भुवनेश सेंगर, संजय शर्मा, अजीज शेख, उमेश रेवलिया और राकेश जायसवाल सहित अन्य पत्रकारों को सम्मान प्रदान किया गया।
कार्यक्रम का स्वागत भाषण संयोजक देवेंद्र जायसवाल ने दिया, संचालन पंकज क्षीरसागर ने किया तथा आभार समीर खान ने व्यक्त किया। आयोजन के बाद पत्रकारों ने दादाजी धाम में दर्शन किए और खंडवा स्थित स्वर्गीय किशोर कुमार की समाधि पर पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की।
Comments
Post a Comment