एलएलबी में प्रवेश का आखिरी मौका, शासकीय विधि महाविद्यालय में सिर्फ 27 सीटें शेष

खरगोन। शासकीय विधि महाविद्यालय, खरगोन में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए एलएलबी पाठ्यक्रम में प्रवेश प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच गई है। उच्च शिक्षा विभाग, मध्य प्रदेश शासन के निर्देशानुसार अतिरिक्त सीएलसी (कॉलेज लेवल काउंसलिंग) राउंड के तहत रिक्त सीटों पर प्रवेश दिया जा रहा है। महाविद्यालय में अब सिर्फ 27 सीटें शेष बची हैं, जिन्हें मेरिट के आधार पर भरा जाएगा।

महाविद्यालय प्रशासन ने बताया कि जिन विद्यार्थियों ने ऑनलाइन पंजीयन कराया है, जिनका दस्तावेज सत्यापन लंबित है अथवा जिन्हें पूर्व में प्रवेश प्रस्ताव मिलने के बावजूद समय पर शुल्क जमा नहीं कर पाने के कारण प्रवेश नहीं मिल सका, वे तत्काल महाविद्यालय के प्रवेश सेल से संपर्क करें। पात्र अभ्यर्थियों की समस्याओं का मौके पर समाधान कर प्रवेश प्रक्रिया पूरी कराई जाएगी।

विद्यार्थी उपलब्ध रिक्त सीटों के अनुसार अपनी चॉइस फिलिंग में आवश्यक संशोधन भी कर सकते हैं। वहीं, जिन अभ्यर्थियों को प्रवेश प्रस्ताव प्राप्त हो चुका है, वे निर्धारित समय-सीमा के भीतर ई-प्रवेश पोर्टल पर ऑनलाइन शुल्क जमा कर अपनी सीट सुरक्षित करें।

प्रवेश समिति द्वारा प्रवेश से वंचित पंजीकृत विद्यार्थियों से दूरभाष के माध्यम से भी संपर्क किया जा रहा है। किसी भी तकनीकी समस्या या प्रवेश संबंधी जानकारी के लिए विद्यार्थी कार्यालयीन समय में महाविद्यालय के विशेष हेल्पडेस्क पर पहुंचकर मार्गदर्शन प्राप्त कर सकते हैं।

महाविद्यालय प्रशासन ने स्थानीय एवं ग्रामीण क्षेत्र के सभी पात्र छात्र-छात्राओं और उनके अभिभावकों से अपील की है कि वे इस अंतिम अवसर का लाभ उठाएं। केवल 27 सीटें शेष होने के कारण इच्छुक अभ्यर्थी बिना विलंब आवश्यक मूल दस्तावेजों के साथ महाविद्यालय पहुंचकर प्रवेश सुनिश्चित करें।

Comments