235 कांवड़ यात्राओं के लिए पुलिस का सुरक्षा कवच, 98 हजार से अधिक श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर विशेष फोकस

235 कांवड़ यात्राओं के लिए पुलिस का सुरक्षा कवच, 98 हजार से अधिक श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर विशेष फोकस
खरगोन। श्रावण मास में निकलने वाली कांवड़ यात्राओं को सुरक्षित, व्यवस्थित और शांतिपूर्ण बनाने के लिए निमाड़ रेंज पुलिस ने इस बार एक अभिनव पहल की है। पुलिस उप महानिरीक्षक कार्यालय, निमाड़ रेंज खरगोन द्वारा चारों जिलों—खरगोन, खंडवा, बड़वानी और बुरहानपुर—में "कांवड़ सुरक्षा कवच" अभियान शुरू किया गया है। इसके तहत कांवड़ यात्रा समितियों और आयोजकों को विशेष सुरक्षा कार्ड वितरित किए जा रहे हैं, ताकि यात्रा के दौरान किसी भी आपात स्थिति में श्रद्धालुओं को तत्काल सहायता मिल सके।

पुलिस उप महानिरीक्षक के निर्देश पर चारों जिलों की पुलिस ने कांवड़ यात्रा आयोजकों से समन्वय स्थापित कर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया है। "कांवड़ सुरक्षा कवच" कार्ड में समिति का नाम, आयोजकों के मोबाइल नंबर, जिला और प्रमुख सदस्यों की जानकारी दर्ज की गई है। साथ ही यात्रा मार्ग में पड़ने वाले अस्पतालों, पुलिस कंट्रोल रूम, स्थानीय पुलिस सहायता नंबर, रूट मैप, भोजन, पेयजल और विश्राम स्थलों की जानकारी भी उपलब्ध कराई गई है। इससे कांवड़ियों को रास्ते में आवश्यक सुविधाएं और आपातकालीन मदद आसानी से मिल सकेगी।

इस वर्ष निमाड़ रेंज के चारों जिलों में कुल 235 छोटी-बड़ी कांवड़ यात्राएं निकाली जाएंगी। इनमें खरगोन जिले में 100 यात्राओं में लगभग 41,750 श्रद्धालु, खंडवा में 64 यात्राओं में 24,715, बड़वानी में 55 यात्राओं में 20,865 तथा बुरहानपुर में 16 यात्राओं में 11,380 श्रद्धालुओं के शामिल होने का अनुमान है। इस प्रकार रेंज के चारों जिलों में करीब 98 हजार से अधिक कांवड़िए यात्रा में भाग लेंगे। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की मौजूदगी को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर व्यापक तैयारी की है।

पुलिस अधिकारियों ने कांवड़ यात्रा मार्गों, प्रमुख सड़कों, संवेदनशील स्थानों और चिन्हित पार्किंग स्थलों का निरीक्षण किया है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि यात्रा के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू रहे, भीड़ को नियंत्रित किया जाए, मार्गों को अतिक्रमण मुक्त रखा जाए और श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं निर्बाध आवागमन की सुविधा मिले। यात्रा मार्गों पर पुलिस बल की तैनाती के साथ लगातार निगरानी भी रखी जाएगी।

निमाड़ रेंज पुलिस ने सभी कांवड़ यात्रा समितियों, स्वयंसेवकों और श्रद्धालुओं से शांति, अनुशासन और आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की समस्या आने पर श्रद्धालु तुरंत सुरक्षा कवच कार्ड पर दिए गए हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं। पुलिस का संदेश है— "श्रद्धा आपकी, सुरक्षा हमारी।"

Comments