55 हजार का इनामी हथियार तस्कर ‘हैप्पी’ गिरफ्तार

55 हजार का इनामी हथियार तस्कर ‘हैप्पी’ गिरफ्तार, जंगल में छिपाए 11 अवैध हथियार बरामद
खरगोन। अवैध हथियारों की तस्करी के खिलाफ खरगोन पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस महानिरीक्षक इंदौर जोन अनुराग, उप पुलिस महानिरीक्षक निमाड़ रेंज सिद्धार्थ बहुगुणा तथा पुलिस अधीक्षक खरगोन रविन्द्र वर्मा के निर्देशन में की गई कार्रवाई में थाना गोगावां, सनावद और जैतापुर पुलिस ने 55 हजार रुपये के इनामी आरोपी गुरूनाम उर्फ हैप्पी सिकलीगर और उसके साथी हरपाल सिकलीगर को गिरफ्तार किया है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) बिट्टू सहगल और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) शकुन्तला रुहल के मार्गदर्शन में चलाए गए अभियान के तहत आरोपियों की तलाश की जा रही थी। मुखबिर की सूचना पर एसडीओपी भीकनगांव राकेश आर्य के निर्देशन में थाना प्रभारी गोगावां उनि दीपक यादव, थाना प्रभारी सनावद उनि धर्मेन्द्र यादव और थाना प्रभारी जैतापुर उनि सुदर्शन कलोसिया के नेतृत्व में संयुक्त टीम गठित की गई।

पुलिस ने नलवा पुलिया के पास घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने अंजनगांव और सिगनुर के बीच छिपाकर रखे हथियारों की जानकारी दी। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने 8 देशी पिस्टल और 3 देशी कट्टे बरामद किए, जिनकी कीमत करीब 2.45 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार गुरूनाम उर्फ हैप्पी मध्यप्रदेश, राजस्थान और हरियाणा सहित विभिन्न राज्यों में दर्ज 10 मामलों में वांटेड था और उस पर 55 हजार रुपये का इनाम घोषित था। वहीं हरपाल सिकलीगर के खिलाफ भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।

गौरतलब है कि इसी मामले में पूर्व में हरियाणा से हथियार खरीदने आए आरोपी रजत को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 6 देशी पिस्टल, 10 जिंदा कारतूस और करीब 25 लाख रुपये कीमत की स्कॉर्पियो जब्त की गई थी। पूछताछ में गुरूनाम और हरपाल के नाम सामने आए थे।

पुलिस ने बताया कि पूरे मामले में अब तक करीब 29 लाख रुपये का मशरुका जब्त किया जा चुका है। दोनों आरोपियों से रिमांड पर पूछताछ कर अवैध हथियार तस्करी के नेटवर्क के अन्य सदस्यों की जानकारी जुटाई जा रही है।

Comments