मौत सामने थी, उफनती नदी से 3 युवकों को ऐसे खींच लाए हीरो

मौत सामने थी, उफनती नदी से 3 युवकों को ऐसे खींच लाए हीरो
खरगोन। मध्य प्रदेश के बड़वाह क्षेत्र में इंसानियत और साहस की मिसाल पेश करने वाली घटना सामने आई। चोरल नदी में अचानक जलस्तर बढ़ने से तीन युवक तेज बहाव के बीच फंस गए। कुछ ही पलों में स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि उनकी जान पर बन आई।
मदद के लिए युवकों की आवाज सुनते ही आसपास मौजूद स्थानीय लोग बिना समय गंवाए नदी किनारे पहुंच गए। बचाव के लिए पर्याप्त संसाधन नहीं थे, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी। रस्सी कम पड़ने पर गमछों और बेल्ट को जोड़कर लंबी डोरी बनाई और उसे नदी के बीच फंसे युवकों तक पहुंचाया।
बचाव अभियान के दौरान पहले दो युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। तीसरे युवक को खींचते समय बीच में बंधा गमछा टूट गया और वह दोबारा तेज बहाव में बहने लगा। कुछ पल के लिए वहां मौजूद लोगों की सांसें थम गईं, लेकिन स्थानीय युवाओं ने हिम्मत नहीं हारी।
उन्होंने दोबारा रस्सी को मजबूत किया और एक और प्रयास में तीसरे युवक को भी सुरक्षित बाहर निकाल लिया। तीनों के सुरक्षित बाहर आते ही मौके पर मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली।
यह घटना एक बार फिर साबित करती है कि संकट की घड़ी में आम लोग भी असाधारण साहस दिखाकर किसी की जिंदगी बचा सकते हैं। वहीं प्रशासन ने भी बारिश के मौसम में उफनती नदियों और नालों से दूर रहने की अपील की है।

Comments