खरगोन। गंगा दशमी एवं अधिक मास के पावन अवसर पर वैश्य समाज महिला इकाई खरगोन द्वारा सामाजिक सेवा और दान का सराहनीय कार्य किया गया। महिला इकाई की सदस्याओं ने सार्वजनिक सेवा समिति अस्पताल परिसर पहुंचकर भर्ती मरीजों के परिजनों एवं जरूरतमंद लोगों को प्रेमपूर्वक भोजन प्रसादी वितरित की। इस दौरान महिलाओं ने समाज में स्वच्छता और सेवा का संदेश भी दिया।
कार्यक्रम के अंतर्गत दाल, चावल, पूरी, सब्जी एवं स्वादिष्ट आमरस का भोजन तैयार कर सैकड़ों लोगों को वितरित किया गया। महिला इकाई की सदस्याओं ने अपने हाथों से भोजन परोसकर सेवा भावना का परिचय दिया। आयोजन के दौरान धार्मिक वातावरण बना रहा और सभी ने गंगा दशमी के महत्व को याद करते हुए पुण्य लाभ अर्जित किया।
जिला अध्यक्ष डॉ. कीर्ति जैन ने गंगा दशमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि गंगा मैया की निर्मल धारा हमें पवित्रता, शांति और जीवन का संदेश देती है। उन्होंने कहा कि इस दिन गंगा स्नान, दान और पूजा का विशेष महत्व होता है, जिससे मनुष्य के पापों का नाश होता है और आत्मिक शुद्धि प्राप्त होती है। उन्होंने सभी लोगों से गंगा और अन्य जल स्रोतों को स्वच्छ रखने का संकल्प लेने की अपील भी की।
जिला प्रभारी श्रीमती राधा अग्रवाल ने कहा कि मां गंगा की कृपा से सभी के जीवन में सुख, समृद्धि और आरोग्य बना रहे। उन्होंने कहा कि समाज सेवा और जरूरतमंदों की सहायता करना सबसे बड़ा पुण्य कार्य है और ऐसे आयोजनों से समाज में सकारात्मक संदेश जाता है।
इस अवसर पर सार्वजनिक सेवा समिति के सेवाधारी श्रीकांत शुक्ला, सचिन वर्मा एवं भोजन बनाने वाली माताजी का सम्मान भी किया गया। महिला इकाई की ओर से उन्हें साड़ी, श्रीफल एवं नगद राशि भेंट कर उनके समर्पित सेवा कार्य के लिए अभिनंदन किया गया। समिति की ओर से वैश्य समाज महिला इकाई खरगोन का आभार व्यक्त किया गया।
कार्यक्रम में कौशल्या अग्रवाल, नीलू जैन, प्रीति जैन, नूतन पाटीदार, भानुप्रिया कानूनगो, ज्योति गुप्ता, रश्मि शाह सहित अन्य सदस्याओं ने प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग प्रदान किया। आयोजन सामाजिक सेवा, धार्मिक आस्था और मानवीय संवेदनाओं का सुंदर उदाहरण बना।
Comments
Post a Comment