शादी से पहले दुल्हन की मौत से टूटा परिवार, हल्दी की रस्म के बाद बिगड़ी तबीयत

खरगोन। कसरावद में एक परिवार की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब शादी की रस्मों के बीच दुल्हन की अचानक मौत हो गई। जिस घर में बधाई गीत गूंज रहे थे और शादी की तैयारियां अंतिम दौर में थीं, वहीं कुछ घंटों बाद बेटी की अर्थी उठने से पूरे गांव में शोक फैल गया। घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग और खाद्य एवं औषधि विभाग ने जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक कसरावद क्षेत्र निवासी गाजू नाथ की बड़ी बेटी राखी की शादी खामखेड़ा निवासी दिगंबर नाथ के साथ तय हुई थी। शादी को लेकर घर में उत्सव जैसा माहौल था। परिवार और रिश्तेदार हल्दी सहित अन्य रस्मों में व्यस्त थे। इसी दौरान दुल्हन राखी को हल्दी लगाने के कुछ देर बाद अचानक परेशानी शुरू हो गई।

परिजनों के अनुसार पहले राखी के होंठों में सूजन आई, फिर उसे गले में तेज दर्द और सांस लेने में तकलीफ होने लगी। हालत बिगड़ती देख परिवार घबरा गया और तुरंत उसे खरगोन के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचा। यहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए इंदौर रेफर कर दिया।

परिवार का आरोप है कि अस्पताल में समय पर एंबुलेंस उपलब्ध नहीं हो सकी, जिसके चलते उन्हें निजी एंबुलेंस करनी पड़ी। इसके लिए परिवार ने करीब 4 हजार रुपए खर्च किए। इंदौर पहुंचने के बाद कुछ समय तक हालत सामान्य दिखाई दी, लेकिन बाद में फिर तबीयत बिगड़ने लगी।

परिजनों ने बताया कि निजी अस्पताल में इलाज के लिए लाखों रुपए खर्च होने की बात कही गई। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण परिवार इलाज जारी नहीं रख सका। मजबूरी में राखी को वापस घर लाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।

राखी परिवार की सबसे बड़ी बेटी थी और घर की कई जिम्मेदारियां संभालती थी। पिता मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। बेटी की मौत के बाद परिवार सदमे में है और गांव में भी शोक का माहौल बना हुआ है।

मामले में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. डी.एस. चौहान ने बताया कि शुरुआती जांच में यह स्पष्ट नहीं है कि मौत हल्दी के कारण हुई है। जिस हल्दी का उपयोग राखी पर किया गया था, वही अन्य लोगों ने भी लगाई थी, लेकिन किसी अन्य को कोई परेशानी नहीं हुई। फिलहाल खाद्य एवं औषधि विभाग ने हल्दी के सैंपल जांच के लिए लैब भेज दिए हैं और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Comments