खरगोन। जिले में गर्मी ने अपने तीखे तेवर दिखाना शुरू कर दिए हैं। शहर सहित ग्रामीण अंचलों में भीषण गर्मी और तेज धूप के कारण आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है। लगातार बढ़ते तापमान ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। मंगलवार को तहसील कार्यालय खरगोन स्थित मौसम वैधशाला में अधिकतम तापमान 43.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 24.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। तापमान में आई इस बढ़ोतरी के चलते दिनभर गर्म हवाएं चलती रहीं और दोपहर के समय शहर की सड़कों पर सन्नाटा पसरा नजर आया।
सुबह से ही तेज धूप निकलने लगी थी और दोपहर होते-होते गर्मी अपने चरम पर पहुंच गई। बाजारों, सार्वजनिक स्थानों और मुख्य सड़कों पर लोगों की आवाजाही कम दिखाई दी। जरूरी काम से बाहर निकलने वाले लोग भी सिर और चेहरे को कपड़े से ढंककर गर्मी से बचने का प्रयास करते नजर आए। तेज धूप और लू जैसे हालात के कारण सबसे अधिक परेशानी दुपहिया वाहन चालकों और मजदूर वर्ग को उठानी पड़ रही है।
गर्मी बढ़ने के साथ ही ठंडे पेय पदार्थ, गन्ने का रस, शिकंजी और आइसक्रीम की दुकानों पर लोगों की भीड़ बढ़ने लगी है। वहीं अस्पतालों में भी गर्मी से संबंधित बीमारियों के मरीजों की संख्या धीरे-धीरे बढ़ रही है। चिकित्सकों ने नागरिकों को दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक अनावश्यक रूप से बाहर नहीं निकलने की सलाह दी है। साथ ही अधिक मात्रा में पानी पीने, हल्के कपड़े पहनने और धूप से बचाव करने की बात कही है।
ग्रामीण क्षेत्रों में भी तेज गर्मी का असर साफ दिखाई दे रहा है। खेतों में काम करने वाले किसान और मजदूर सुबह जल्दी काम निपटाने का प्रयास कर रहे हैं ताकि दोपहर की तेज धूप से बचा जा सके। पशु-पक्षी भी गर्मी से बेहाल नजर आ रहे हैं और जल स्रोतों के आसपास उनकी संख्या बढ़ गई है।
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है। यदि इसी तरह गर्म हवाओं का दौर जारी रहा तो जिले में गर्मी और अधिक परेशान कर सकती है। प्रशासन ने भी नागरिकों से सावधानी बरतने और स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने की अपील की है।
Comments
Post a Comment