पावागढ़-अंबाजी व सांवरिया सेठ दर्शन को निकला 1000 महिलाओं का जत्था, टेमला में भक्ति का अनोखा संगम

खरगोन। जिले के समीपस्थ ग्राम टेमला में भक्ति और श्रद्धा का अद्भुत माहौल देखने को मिला, जब श्रीकृष्ण चैतन्य संकीर्तन मंडल की स्वर्ण जयंती के अवसर पर एक हजार से अधिक महिलाओं का जत्था पावागढ़, अंबाजी और सांवरिया सेठ के दर्शन के लिए रवाना हुआ। यात्रा के दौरान महिलाएं भजन-कीर्तन करते हुए बसों से तीर्थ स्थलों की ओर निकलीं।
सुबह होते ही गांव की गलियां संकीर्तन से गूंज उठीं। पारंपरिक भक्ति गीतों के साथ निकली यह यात्रा मुख्य मार्ग तक पहुंची, जहां से श्रद्धालुओं का जत्था आगे के लिए रवाना हुआ। पूरे गांव में इस दौरान उत्सव जैसा माहौल बना रहा।
इस यात्रा का संयोजन युवा उद्यमी और समाजसेवी नितिन पाटीदार द्वारा किया गया। उन्होंने बताया कि यह केवल एक यात्रा नहीं, बल्कि 50 वर्षों से चल रही हरे कृष्ण महामंत्र की अखंड साधना का उत्सव है। इस आयोजन में गांव की माताएं, बहनें और बालिकाएं बड़ी संख्या में शामिल हुई हैं।
उन्होंने बताया कि इससे पहले भी उनके संयोजन में पुरुषों के लिए अयोध्या यात्रा कराई जा चुकी है। अब स्वर्ण जयंती वर्ष के दूसरे चरण में महिलाओं के लिए यह विशेष तीर्थ यात्रा आयोजित की गई है।
यात्रा का उद्देश्य केवल दर्शन करना नहीं, बल्कि भक्ति और आध्यात्मिक परंपरा को आगे बढ़ाना है। श्रद्धालु पावागढ़ और अंबाजी में मां शक्ति की आराधना करेंगे, वहीं चित्तौड़गढ़ स्थित सांवरिया सेठ के दर्शन कर भक्ति की इस यात्रा को पूर्णता देंगे।
गौरतलब है कि इतनी बड़ी संख्या में किसी एक गांव से सामूहिक रूप से तीर्थ यात्रा का आयोजन दुर्लभ माना जा रहा है। पूर्व कृषि मंत्री एवं विधायक बालकृष्ण पाटीदार के गृहग्राम टेमला में इस तरह की धार्मिक एकजुटता क्षेत्र में मिसाल बन रही है।

Comments