जन अभियान परिषद की समितियों का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित

खरगोन। मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद से जुड़ी समितियों के सदस्यों के लिए क्षमता वर्धन एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन 15 मार्च 2026 को शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में किया गया। यह कार्यक्रम श्री सेवा संकल्प फाउंडेशन के तत्वावधान में सुबह 11:30 बजे से शाम 4:00 बजे तक आयोजित हुआ, जिसमें विभिन्न सामाजिक संगठनों और समितियों से जुड़े प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कृषि अनुसंधान केंद्र खरगोन की वरिष्ठ कृषि वैज्ञानिक श्रीमती अनीता शुक्ला उपस्थित रहीं। उन्होंने अपने उद्बोधन में पर्यावरण संरक्षण की आवश्यकता पर जोर देते हुए औषधीय पौधों के महत्व को समझाया। उन्होंने कहा कि समाज के समग्र विकास और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उनके बिना सशक्त राष्ट्र की कल्पना अधूरी है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता एस.एस.एस.एस. फाउंडेशन के अध्यक्ष नितिन गुप्ता ने की। उन्होंने एनजीओ की कार्यप्रणाली, सामाजिक संगठनों की जिम्मेदारी तथा विभिन्न प्रकल्पों के माध्यम से समाज में किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि संगठनों के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों को जोड़कर विकास की दिशा में प्रभावी कार्य किया जा सकता है।
विशिष्ट अतिथि के रूप में श्री बालाजी नर्सिंग कॉलेज के संचालक राकेश चौहान भी उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में समितियों की सक्रियता और सामाजिक विकास में उनकी भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि यदि समितियां संगठित होकर कार्य करें तो समाज में सकारात्मक बदलाव संभव है।
कार्यक्रम के दौरान श्री सेवा संकल्प संस्थान की अध्यक्ष वीणा जायसवाल ने अपनी नवांकुर संस्था द्वारा पिछले छह महीनों में किए गए सामाजिक कार्यों का विवरण साझा किया। वहीं मेंटर राजेश वर्मा ने CMCLDP कार्यक्रम तथा दस्तावेजीकरण की प्रक्रिया को विस्तार से समझाते हुए उपस्थित सदस्यों को आवश्यक जानकारी प्रदान की।
ब्लॉक समन्वयक मोनिका नामदेव ने मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद की योजनाओं, उद्देश्यों और समितियों की भूमिका पर विस्तृत मार्गदर्शन दिया। कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार करने में मेंटर शीतल पांडे और मोनिका शाह का विशेष योगदान रहा।
कार्यक्रम का संचालन गुंजन गडकरी ने किया, जबकि अंत में दिव्या पांडे ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के समापन पर प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए तथा सभी के लिए सहभोज का आयोजन भी किया गया। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम सामाजिक संगठनों की क्षमता बढ़ाने और जनहित कार्यों को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

Comments