खरगोन। भारतीय जनता पार्टी द्वारा विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) को लेकर संगठनात्मक गतिविधियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में बुधवार को जिला मुख्यालय स्थित भाजपा कार्यालय में ब्लॉक स्तरीय सम्मेलन सह-कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में विधायक बालकृष्ण पाटीदार उपस्थित रहे।
विधायक पाटीदार ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि ‘वीबी जी रामजी योजना’ का उद्देश्य ग्रामीण मजदूरों को शत-प्रतिशत रोजगार उपलब्ध कराना और गांवों की आधारभूत जरूरतों को पूरा करना है। उन्होंने कहा कि योजना में डिजिटल मॉनिटरिंग, बायोमेट्रिक सत्यापन और जियो-टैगिंग जैसी व्यवस्थाएं लागू की गई हैं, जिससे पारदर्शिता बढ़ेगी और भ्रष्टाचार पर अंकुश लगेगा। उन्होंने दावा किया कि अब विकास कार्य केवल कागजों तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि जमीन पर स्पष्ट रूप से दिखाई देंगे।
विधायक ने बताया कि योजना के तहत अब ग्रामीण क्षेत्रों में पक्की सड़कों, भवन निर्माण, पुल-पुलिया और गौशालाओं जैसे स्थायी कार्यों को भी शामिल किया गया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि सोशल मीडिया, प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक माध्यमों के साथ-साथ व्यक्तिगत संवाद के जरिए भी योजना की जानकारी आमजन तक पहुंचाएं, ताकि किसी प्रकार का भ्रम दूर हो सके।
कार्यक्रम की शुरुआत ब्लॉक संयोजक संतोष पाटीदार के स्वागत भाषण से हुई। जिला महामंत्री विवेक भटोरे ने कहा कि यह योजना दूरदर्शी सोच के साथ तैयार की गई है और इससे उन मजदूरों को भी लाभ मिलेगा, जिन्हें जॉब कार्ड होने के बावजूद नियमित रोजगार नहीं मिल पाता था। जिला संयोजक वीरेंद्र पाटीदार ने योजना में किए गए तकनीकी बदलावों को पारदर्शिता की दिशा में अहम कदम बताया।
जिला उपाध्यक्ष शालिनी रतोरिया ने कहा कि योजना से ग्रामीण क्षेत्रों से पलायन पर रोक लगेगी और 125 दिनों का रोजगार सुनिश्चित होगा। साथ ही मजदूरी की राशि तय समय-सीमा में सीधे श्रमिकों के बैंक खातों में जमा की जाएगी।
सम्मेलन में अन्य पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे। संचालन सतनाम कुशवाह ने किया तथा आभार कन्हैया कोठाने ने माना। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
अपने संबोधन में विधायक पाटीदार ने विपक्ष द्वारा योजना की आलोचना पर टिप्पणी करते हुए कहा कि लोकतंत्र में विरोध स्वाभाविक है, लेकिन कार्यकर्ताओं का दायित्व है कि वे योजना से जुड़े तथ्यों और लाभों को सही तरीके से जनता तक पहुंचाएं।
Comments
Post a Comment