खरगोन। जिले से लगभग 30 किलोमीटर दूर स्थित ग्राम गढ़ी में रंगभरी एकादशी के पावन अवसर पर गुरुवार, 26 फरवरी 2026 को भव्य धार्मिक आयोजन आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर पूरे गांव में भक्ति, उत्साह और उल्लास का वातावरण देखने को मिलेगा। आयोजन को लेकर ग्रामीणों और श्याम भक्तों में विशेष उत्साह है।
कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 7 बजे दामखेड़ा नागराज मंदिर से बाबा श्याम जी की भव्य निशान यात्रा के साथ होगी। यह यात्रा खेड़ापति भिलट देव मंदिर मार्ग से होते हुए गांव के प्रमुख मार्गों से निकलेगी। यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे, जो हाथों में निशान लिए भजन-कीर्तन करते हुए नाचते-गाते चलेंगे। श्याम नाम की गूंज से पूरा ग्राम भक्तिमय माहौल में डूब जाएगा।
निशान यात्रा का समापन श्याम मंदिर परिसर में होगा, जहां सामूहिक आरती एवं दर्शन के बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण किया जाएगा। आयोजन समिति के अनुसार यात्रा के दौरान अनुशासन और सुरक्षा व्यवस्था के विशेष प्रबंध किए गए हैं, ताकि कार्यक्रम सुचारू रूप से संपन्न हो सके।
रंगभरी एकादशी की पूर्व संध्या पर बुधवार रात 8 बजे से श्याम मंदिर परिसर में भव्य संगीतमय श्याम कीर्तन का आयोजन किया जाएगा। इस कीर्तन में भजन गायक सचित जी मंडलोई तथा खरगोन के अनिमेष जी गुप्ता अपने मधुर भजनों की प्रस्तुति देंगे। भजनों की स्वर लहरियों पर श्रद्धालु झूमते नजर आएंगे और संपूर्ण वातावरण भक्ति रस से सराबोर हो जाएगा।
आयोजन स्थल को रंग-बिरंगी रोशनी और आकर्षक फूलों से सजाया जाएगा। कीर्तन के बाद 56 भोग अर्पित कर महाप्रसादी का वितरण किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान आतिशबाजी, पुष्प वर्षा और फूलों की होली भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी, जो श्रद्धालुओं के लिए विशेष अनुभव होगा।
श्याम मंदिर समिति, श्याम प्रेमी मित्र मंडल, गुप्ता परिवार एवं ग्रामवासियों ने क्षेत्र के सभी श्रद्धालुओं से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर भक्ति लाभ लेने का आग्रह किया है। ग्रामीणों का कहना है कि यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि गांव में सामाजिक एकता और भाईचारे को भी मजबूत करता है।
Comments
Post a Comment