नवग्रह हॉकी स्पर्धा में रोमांचक मुकाबलों के बाद चार दिग्गज टीमें सेमीफाइनल में

खरगोन। अखिल भारतीय नवग्रह हॉकी स्पर्धा के दूसरे दिन हॉकी प्रेमियों को जबरदस्त रोमांच देखने को मिला। रविवार को खेले गए चार क्वार्टर फाइनल मुकाबलों के बाद खरगोन, गुजरात, नागपुर और अमरावती की टीमें शानदार प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल में पहुँच गईं। मुकाबले इतने संघर्षपूर्ण रहे कि हर मैच में दर्शकों की सांसें थमी रहीं और हर गोल पर पूरा हॉकी मैदान तालियों और नारों से गूंज उठा।
दूसरे दिन के पहले क्वार्टर फाइनल मुकाबले का उद्घाटन जिला पुलिस अधीक्षक रविन्द्र वर्मा ने किया। इस अवसर पर उन्होंने दोनों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया। एसपी वर्मा ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए खेल भावना से खेलने की अपील की। उन्होंने कहा कि खरगोन में देश के कोने-कोने से हॉकी खिलाड़ियों का आना जिले के लिए गर्व की बात है। इतनी भव्य और सुव्यवस्थित स्पर्धा का आयोजन प्रशंसनीय है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि खेल प्रतियोगिताओं के सफल आयोजन के लिए पुलिस प्रशासन सदैव सहयोग करता रहेगा। आयोजन समिति द्वारा एसपी वर्मा का स्वागत स्पर्धा अध्यक्ष मनोज रघुवंशी, हॉकी संघ अध्यक्ष विपिन गौर सहित पदाधिकारियों ने किया तथा स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
खरगोन और हरियाणा के बीच खेले गए क्वार्टर फाइनल मुकाबले में घरेलू दर्शकों के जबरदस्त समर्थन के बीच डीएचए खरगोन की टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए हरियाणा को पराजित कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। वहीं गुजरात एकेडमी ने तकनीकी खेल और तेज आक्रमण के दम पर शाजापुर को 3-1 से हराकर अंतिम चार में जगह बनाई। ऑरेंज सिटी नागपुर ने मणिनागेन्द्र हॉकी फाउंडेशन नरसिंगपुर को 3-0 से पराजित कर सेमीफाइनल का टिकट कटाया, जबकि अमरावती महाराष्ट्र ने कड़े मुकाबले में रामपुर को 2-1 से हराया।
मैदान से लेकर खिलाड़ियों की सुविधाओं तक पूरी व्यवस्था आयोजन समिति के हाथों में रही। सचिव जयराज दांगी, दिनेश यादव, इकबाल उस्ताद, काका सिंह, संतोष दांगी, वीरेंद्र जोशी और रूपेश तोमर की भूमिका सराहनीय रही। उनकी सक्रियता और समर्पण के चलते स्पर्धा बिना किसी बाधा के सफलतापूर्वक आगे बढ़ रही है। मंच संचालन मेहबूब खान ने किया।
हॉकी मैदान पर रोजाना बड़ी संख्या में दर्शकों की मौजूदगी से स्पर्धा की रौनक लगातार बढ़ती जा रही है। स्पर्धा प्रचार सचिव वीरेंद्र जोशी ने बताया कि दूसरे दिन कुल चार मुकाबले खेले गए, जबकि 3 फरवरी को दो सेमीफाइनल मुकाबले खेले जाएंगे, जिनका हॉकी प्रेमियों को बेसब्री से इंतजार है।

Comments