खरगोन। केंद्र सरकार द्वारा पेश किए गए आम बजट को लेकर जिले में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। भारतीय जनता पार्टी ने बजट की प्रमुख विशेषताओं को आमजन तक पहुंचाने के लिए व्यापक स्तर पर अभियान शुरू करने की तैयारी कर ली है। इसी कड़ी में जिला मुख्यालय से लेकर मंडल और गांव स्तर तक बजट का सीधा प्रसारण देखा गया।
जिला भाजपा कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष श्रीमती नंदा ब्राह्मणे और विधायक बालकृष्ण पाटीदार ने जिला कार्यकारिणी के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ एलईडी टीवी पर बजट का लाइव प्रसारण देखा। जिलाध्यक्ष श्रीमती ब्राह्मणे के मार्गदर्शन में जिलेभर में कार्यकर्ताओं ने सुबह 10 बजे से बजट देखने की सामूहिक व्यवस्था की।
बजट पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए जिलाध्यक्ष श्रीमती नंदा ब्राह्मणे ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लगातार ऐसे बजट प्रस्तुत किए जा रहे हैं, जिनका केंद्रबिंदु आम आदमी रहा है। इस बार भी वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत बजट में गरीब, मजदूर, किसान, व्यापारी, उद्यमी और मध्यम वर्ग की जरूरतों का विशेष ध्यान रखा गया है। यह बजट विकास और समृद्धि की दिशा में मजबूत कदम है।
विधायक बालकृष्ण पाटीदार ने कहा कि बजट में मजबूत और आत्मनिर्भर भारत की स्पष्ट झलक दिखाई देती है। रेल, हवाई यात्रा, कृषि, महिला सशक्तिकरण और युवाओं को रोजगार से जोड़ने जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों पर फोकस किया गया है। हाईटेक कृषि और किसानों की आय बढ़ाने की योजनाएं देश की अर्थव्यवस्था को नई गति देंगी।
जिलाध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ता बजट की खूबियों को जन-जन तक पहुंचाएं और यह बताएं कि किस तरह यह बजट भारत को विश्व मंच पर अग्रणी बनाने की दिशा में सहायक है।
भाजपा मीडिया प्रभारी कांतिलाल कर्मा ने बताया कि बजट देखने के बाद संगठन स्तर पर बैठक कर यह निर्णय लिया गया है कि बजट से जुड़ी सकारात्मक बातों को घर-घर तक पहुंचाया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान आम नागरिकों से भी बजट को लेकर प्रतिक्रियाएं ली गईं।
कार्यक्रम में जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, पार्षद एवं बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे। आईटी सेल जिला संयोजक शुभम जायसवाल ने बताया कि जिलेभर में बजट को लेकर कार्यकर्ताओं और आमजन में खासा उत्साह देखने को मिला।
Comments
Post a Comment