डायवर्सन रोड पर डंपर की टक्कर से कोर्ट कर्मचारी घायल, विधायक बालकृष्ण पाटीदार ने पहुंचाया अस्पताल

खरगोन। शहर के डायवर्सन रोड पर जवाहर मार्ग को जोड़ने वाले डिवाइडर के बीच बने कट ने एक बार फिर सड़क हादसे को जन्म दिया। सोमवार शाम तेज रफ्तार डंपर की चपेट में आने से बाइक सवार एक कोर्ट कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक सवार जवाहर मार्ग की ओर मुड़ रहा था, तभी तेज गति से आ रहे डंपर चालक ने लापरवाहीपूर्वक टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार सड़क पर गिरकर दर्द से कराहने लगा।
हादसे के समय उसी मार्ग से गुजर रहे क्षेत्रीय विधायक बालकृष्ण पाटीदार ने मानवीय संवेदना दिखाते हुए तुरंत अपना वाहन रुकवाया। विधायक ने मौके पर पहुंचकर घायल की स्थिति देखी और बिना देरी किए अन्य वाहन की व्यवस्था कर उसे जिला अस्पताल भिजवाया। साथ ही उन्होंने सिविल सर्जन से मोबाइल पर चर्चा कर घायल को समुचित इलाज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। सड़क पर यातायात बाधित होता देख विधायक ने पुलिस को भी सूचना देकर मौके पर बुलवाया।
जिला अस्पताल से प्राप्त जानकारी के अनुसार घायल की पहचान गंगाराम खन्ना निवासी नागरखेड़ी, वर्तमान में इंद्रप्रस्थ कॉलोनी खरगोन के रूप में हुई है। घायल खन्ना ने बताया कि वे कसरावद न्यायालय में पदस्थ हैं और अपने एक रिश्तेदार के साथ बाइक से घर लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने डिवाइडर कट को लेकर एक बार फिर यातायात व्यवस्था और सुरक्षा उपायों पर सवाल खड़े किए हैं।

Comments