दीपक डंडीर को मिली महू विधानसभा की कमान

खरगोन। कांग्रेस नेता दीपक डंडीर को प्रदेश कांग्रेस संगठन ने बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी ने संगठन सृजन अभियान के तहत उन्हें महू विधानसभा का प्रभारी नियुक्त किया है। इस जिम्मेदारी के साथ ही दीपक डंडीर 28 जनवरी से महू विधानसभा क्षेत्र में संगठन को मजबूत करने के अभियान की शुरुआत करेंगे।
अभियान के प्रथम चरण में वे सिमरोल ब्लॉक का दो दिवसीय प्रवास करेंगे। इस दौरान क्षेत्र की ग्राम पंचायतों में बैठकें आयोजित की जाएंगी, जहां कांग्रेस की ग्राम स्तरीय इकाइयों का गठन किया जाएगा। प्रत्येक गांव में कांग्रेस कार्यकर्ताओं से चर्चा कर, आपसी सहमति से अध्यक्ष सहित पूरी कार्यकारिणी का चयन किया जाएगा।
यह संगठन सृजन अभियान कांग्रेस के राष्ट्रीय नेता राहुल गांधी की उस रणनीति का हिस्सा है, जिसके तहत पार्टी को जमीनी स्तर पर मजबूत किया जाना है। इसका उद्देश्य अंतिम व्यक्ति तक पार्टी की पहुंच सुनिश्चित करना और निचले स्तर से संगठन को सशक्त बनाना है।
अपनी नियुक्ति पर दीपक डंडीर ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अरुण यादव एवं भाराछांस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष विपिन वानखेड़े के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पार्टी नेतृत्व ने उन पर जो विश्वास जताया है, वे उस पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे और कार्यकर्ताओं को एकजुट कर कांग्रेस की नीतियों एवं विचारधारा से जोड़ेंगे।
दीपक डंडीर की नियुक्ति की खबर से कांग्रेस संगठन में उत्साह का माहौल है। पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उन्हें बधाई देते हुए शीर्ष नेतृत्व के फैसले का स्वागत किया है।

Comments