भावसार क्षत्रिय समाज का हल्दी-कुमकुम व मांगलिक भवन का लोकार्पण हुआ

खरगोन। मकर संक्रांति के पावन अवसर पर भावसार क्षत्रिय समाज द्वारा रविवार को महिलाओं के लिए हल्दी-कुमकुम एवं समाजजनों के लिए भंडारे का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम कुंदा नदी तट स्थित श्रीरामद्वारा मांगलिक परिसर में पारंपरिक उत्साह और धार्मिक वातावरण के बीच संपन्न हुआ।
कार्यक्रम की शुरुआत मां हिंगलाज के चित्र पर विधिवत पूजन-अर्चन एवं माल्यार्पण के साथ की गई। इसके पश्चात समाज की महिलाओं के लिए हल्दी-कुमकुम का आयोजन हुआ। समाज अध्यक्ष नीलेश भावसार ने जानकारी देते हुए बताया कि इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक बालकृष्ण पाटीदार द्वारा जीर्णोद्धार किए गए श्रीरामद्वारा मांगलिक परिसर का लोकार्पण भी किया गया।
महिला मंडल अध्यक्ष श्रीमती डिंपल राजेश भावसार ने बताया कि आयोजन में शामिल सभी महिलाओं को हल्दी-कुमकुम के साथ उपहार भेंट किए गए। वहीं समाज के मीडिया प्रभारी धर्मेंद्र भावसार लाला ने बताया कि शाम 4 बजे से महिलाओं द्वारा धार्मिक एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं, जिनमें समाज की परंपरा और आस्था की झलक देखने को मिली।
नर्मदाष्टक पर भावपूर्ण प्रस्तुति
मां नर्मदा प्राकट्य दिवस होने के कारण महिला मंडल की सदस्यों द्वारा नर्मदाष्टक पर विशेष प्रस्तुति दी गई, जिसे उपस्थित समाजजनों ने सराहा। कार्यक्रम को सफल बनाने में संचालक मंडल एवं महिला मंडल का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
कार्यक्रम के समापन पर शाम 7 बजे से समाजजनों के लिए भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में समाज के लोग परिवार सहित शामिल हुए और सामूहिक भोजन का आनंद लिया।

Comments