महिला सशक्तिकरण के नवाचार को मिला राष्ट्रीय मंच, गणतंत्र दिवस पर ‘रविवार विचार’ के रोहन शर्मा और डॉ. विवेक वर्द्धन सम्मानित

खरगोन। महिला सशक्तिकरण को लेकर किए गए एक अभिनव और प्रभावी नवाचार को गणतंत्र दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय मंच पर सराहना मिली। 26 जनवरी को नेहरू स्टेडियम, इंदौर में आयोजित मुख्य गणतंत्र दिवस समारोह में लेखक एवं फिल्म प्रोड्यूसर रोहन शर्मा और वरिष्ठ पत्रकार, लेखक डॉ. विवेक वर्द्धन श्रीवास्तव को मध्यप्रदेश शासन के उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा के करकमलों से सम्मानित किया गया।
यह सम्मान सोशल मीडिया पोर्टल ‘रविवार विचार’ के माध्यम से महिला सशक्तिकरण को मिशन के रूप में अपनाने और उसे जमीनी स्तर तक पहुंचाने के लिए दिया गया। रोहन शर्मा और डॉ. विवेक वर्द्धन ने बीते केवल दो वर्षों में देशभर की 1500 से अधिक गुमनाम महिलाओं के संघर्ष, आत्मनिर्भरता और सफलता की प्रेरक कहानियों को विभिन्न डिजिटल माध्यमों पर प्रमुखता से प्रकाशित किया। इन कहानियों ने न सिर्फ महिलाओं को अपनी पहचान बनाने की प्रेरणा दी, बल्कि समाज में सकारात्मक सोच और संवेदनशीलता को भी मजबूत किया।
कार्यक्रम के दौरान जिला कलेक्टर शिवम वर्मा एवं पुलिस आयुक्त संतोष सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने भी इस पहल को सामाजिक बदलाव की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताते हुए इसकी सराहना की। वक्ताओं ने कहा कि आज के दौर में जब नकारात्मक खबरें अधिक सुर्खियों में रहती हैं, तब ‘रविवार विचार’ जैसे प्लेटफॉर्म सकारात्मक और प्रेरणादायक पत्रकारिता का उदाहरण पेश कर रहे हैं।
संस्था के संस्थापक डॉ. सुभाष खंडेलवाल ने इस अवसर पर कहा कि समाज की वास्तविकता को सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ सामने लाना ही ‘रविवार विचार’ का मूल उद्देश्य है। उन्होंने बताया कि मंच का प्रयास है कि ऐसी कहानियां सामने आएं, जो आम लोगों, विशेषकर महिलाओं, को आगे बढ़ने का हौसला दें और यह विश्वास जगाएं कि कठिन परिस्थितियों में भी सफलता संभव है।
वरिष्ठ पत्रकार डॉ. विवेक वर्द्धन श्रीवास्तव ने निमाड़ क्षेत्र में लंबे समय तक सकारात्मक पत्रकारिता की है। इसके साथ ही उन्होंने नर्मदा नदी पर शोध कार्य भी किया है, जो सामाजिक और पर्यावरणीय दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जाता है। वहीं रोहन शर्मा ने लेखन और फिल्म निर्माण के माध्यम से सामाजिक विषयों को व्यापक दर्शकों तक पहुंचाने का कार्य किया है।
गणतंत्र दिवस के अवसर पर मिला यह सम्मान न केवल ‘रविवार विचार’ की टीम के लिए, बल्कि महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में कार्य कर रहे सभी प्रयासों के लिए एक प्रेरणास्रोत बनकर सामने आया है।

Comments