खरगोन। 26 जनवरी गणतंत्र दिवस के अवसर पर खरगोन में कला, देशभक्ति और मानवता का प्रेरणादायक संगम देखने को मिला। लायंस क्लब खरगोन के अध्यक्ष डॉ. बसंत सोनी एवं सचिव राजेश मिश्रा के मार्गदर्शन में क्षीरसागर भवन, सनावद रोड पर एक विशेष आर्ट इवेंट का आयोजन किया गया, जिसने नागरिकों का ध्यान आकर्षित किया।
इस अवसर पर विश्व रिकॉर्ड होल्डर आर्टिस्ट रुपाली विशाल सोनी, शिवानी सोनी एवं उनके प्रतिभाशाली विद्यार्थियों हिरल भावसार, श्याम वर्मा, शैलजा पारसाई, शिरीन गोहर, काश्वी भावसार और आरन्या महाजन द्वारा भारत माता की भव्य ग्रेन आर्ट कलाकृति तैयार की गई। इस कलाकृति को लगभग 40 किलो विभिन्न प्रकार के अनाज से मात्र 3 घंटे में साकार किया गया, जो कलाकारों की रचनात्मकता और समर्पण का उत्कृष्ट उदाहरण रहा।
कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष नंदा ब्राह्मणे ने इस अनूठी कला कृति की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की रचनात्मक पहल समाज को सकारात्मक दिशा देने का कार्य करती है। भारत माता की ग्रेन आर्ट का उद्घाटन कैप्टन राधेश्याम पाटीदार, सूबेदार दिनेश कुशवाह एवं मंडलोई द्वारा किया गया। उद्घाटन के दौरान उपस्थित अतिथियों ने कलाकारों के प्रयासों की प्रशंसा की।
इस आयोजन की सबसे विशेष बात यह रही कि कलाकृति निर्माण में प्रयुक्त संपूर्ण अनाज को कार्यक्रम के समापन के बाद पक्षियों के भोजन के लिए समर्पित किया गया। खरगोन जैसे क्षेत्र में, जहां गर्मी के मौसम में पक्षियों को भोजन की भारी समस्या का सामना करना पड़ता है, यह पहल जीव-प्रेम और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक सराहनीय कदम माना जा रहा है।
लायंस क्लब खरगोन के सदस्य दुर्गेश चौधरी एवं मुकेश राठौड़ का इस आयोजन में विशेष सहयोग रहा। साथ ही क्लब के सभी सम्मानित सदस्यगण उद्घाटन समारोह में उपस्थित रहे और आयोजन को सफल बनाने में योगदान दिया।
यह आयोजन केवल एक कला प्रदर्शन तक सीमित नहीं रहा, बल्कि समाज को यह संदेश देने में सफल रहा कि देशभक्ति केवल नारों से नहीं, बल्कि प्रकृति, जीव-जंतुओं और मानवता के प्रति संवेदनशीलता से भी प्रकट होती है। गणतंत्र दिवस पर हुआ यह आयोजन शहरवासियों के लिए प्रेरणास्रोत बनकर सामने आया।
Comments
Post a Comment