नशामुक्त समाज के लिए मैदान में उतरे पुलिस पेंशनर्स, जनजागरण अभियान चलाने का निर्णय

खरगोन। समाज में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति और अपराधों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से जिला पुलिस पेंशनर्स संघ ने सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया है। रविवार को सनावद रोड स्थित एक निजी परिसर में आयोजित बैठक में जिलेभर के सेवानिवृत्त पुलिसकर्मी शामिल हुए।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाध्यक्ष शिवराम पाटीदार ने कहा कि सेवानिवृत्ति के बाद भी पुलिस पेंशनर्स समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाते रहेंगे। उन्होंने बताया कि नशे की रोकथाम, साइबर अपराध, महिला अपराध, ठगी, जालसाजी और सड़क दुर्घटनाओं को कम करने के लिए यातायात नियमों के प्रति आमजन को जागरूक किया जाएगा।
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि पुलिस पेंशनर्स और उनके परिवारों के कल्याण तथा सामाजिक सेवा कार्यों के लिए एक स्वयंसेवी संस्था के गठन की दिशा में भी कार्य किया जाएगा। बैठक में रिटायर्ड डीएसपी एवं संरक्षक राजाराम पाटीदार, जगदीश पाटीदार, जिला उपाध्यक्ष राजाराम यादव, नवीन शर्मा, कमल पाठक, शिवराम निर्वेल और कैलाश लाड सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
इस अवसर पर पत्रकार कल्याण परिषद के प्रदेश उपाध्यक्ष संजय शर्मा सहित पत्रकार यादवेंद्र सिंह, आशुतोष पुरोहित, शशिकांत शर्मा, राकेश जायसवाल और सुरेश चंदेल ने जिलाध्यक्ष शिवराम पाटीदार का पुष्पमालाओं से स्वागत एवं अभिनंदन किया।
बैठक उपरांत सभी पुलिस पेंशनर्स ने स्वर्गीय प्रहलाद सिंह सोलंकी के निवास पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त की और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

Comments