खरगोन। भारतीय जनता पार्टी को नया राष्ट्रीय नेतृत्व मिलने पर जिले में उत्साह और उमंग का वातावरण देखने को मिला। भाजपा के नव-निर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के पदभार संभालने के उपलक्ष्य में बुधवार सायंकाल भाजपा जिला कार्यालय में हर्षोल्लास के साथ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई दी तथा आतिशबाजी कर अपनी खुशी जाहिर की।
कार्यक्रम भाजपा जिलाध्यक्ष श्रीमती नन्दा ब्राह्मणे के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ, जिसमें जिला एवं नगर स्तर के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। पूरे परिसर में उत्सव जैसा माहौल रहा और कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह देखा गया।
इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष डॉ. शंभू सिंह मनहर ने नितिन नबीन को बधाई देते हुए कहा कि मात्र 45 वर्ष की आयु में पार्टी की सर्वोच्च जिम्मेदारी मिलना भाजपा की दूरदर्शी सोच को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि यह निर्णय इस बात का प्रमाण है कि भारतीय जनता पार्टी युवाओं को आगे बढ़ने के लिए अवसर देती है और संगठन में कार्यकर्ता की मेहनत व समर्पण का उचित मूल्यांकन किया जाता है। उन्होंने विश्वास जताया कि नितिन नबीन के नेतृत्व में भाजपा संगठनात्मक मजबूती, वैचारिक विस्तार और जनसेवा के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित करेगी।
डॉ. मनहर ने कहा कि यह क्षण हम सभी के लिए गर्व का विषय है, क्योंकि आने वाली पीढ़ियों को हम यह बता सकेंगे कि हम उस पार्टी का हिस्सा रहे हैं जिसने नेतृत्व में युवाओं को आगे लाकर इतिहास रचा।
जिलाध्यक्ष श्रीमती नन्दा ब्राह्मणे ने अपने संबोधन में कहा कि नितिन नबीन के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत–2047’ के संकल्प को नई ऊर्जा और दिशा मिलेगी। उन्होंने कहा कि नया नेतृत्व संगठन को और अधिक सशक्त बनाएगा तथा देशहित में भाजपा की भूमिका को और प्रभावी करेगा।
इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष प्रभा राठौर, शालिनी रतोरिया, डॉ. बद्री पाटीदार, मंत्री अनुराग दांगी, गोविंद बड़ोले, कोषाध्यक्ष डॉ. भीमसिंह जाधव, कार्यालय मंत्री विजय पटेल, वरिष्ठ नेता दिलीप जोशी, आईटी सेल प्रभारी शुभम जायसवाल, नगर मंडल अध्यक्ष अभिलाष अत्रे, पार्षद भागीरथ बड़ोले, नगर उपाध्यक्ष कैलाश प्रजापत, मुकेश बिडारे, चंद्रशेखर भालसे, राजेश रावत, महेंद्र साठे, यज्ञदत्त परसाई सहित अनेक कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।
Comments
Post a Comment