श्याम कुशवाह बने भारतीय पत्रकार संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष, पत्रकारों में हर्ष

खरगोन। वरिष्ठ पत्रकार एवं पत्रकार हितों के लिए सतत संघर्षरत श्याम कुशवाह को भारतीय पत्रकार संघ (एआईजे) का प्रदेश उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। उनकी यह नियुक्ति भारतीय पत्रकार संघ के प्रदेश अध्यक्ष धर्मेंद्र अग्निहोत्री द्वारा यूथ विंग के राष्ट्रीय महासचिव रणजीत सिंह की अनुशंसा पर की गई है। श्याम कुशवाह वर्तमान में भारतीय पत्रकार संघ के जिला अध्यक्ष के दायित्व का भी कुशलता से निर्वहन कर रहे हैं।
प्रदेश उपाध्यक्ष पद पर नियुक्ति की सूचना मिलते ही जिले सहित प्रदेशभर के पत्रकारों में हर्ष की लहर दौड़ गई। पत्रकार साथियों, सामाजिक संगठनों एवं शुभचिंतकों ने श्याम कुशवाह को बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित करते हुए इसे खरगोन जिले के लिए गौरव का विषय बताया है।
श्याम कुशवाह लंबे समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं और उन्होंने निष्पक्ष, निर्भीक एवं जनहितकारी पत्रकारिता को सदैव प्राथमिकता दी है। पत्रकारों की समस्याओं, सुरक्षा, सम्मान एवं अधिकारों को लेकर वे लगातार आवाज उठाते रहे हैं। जिला अध्यक्ष के रूप में उनके कार्यकाल में संगठन का विस्तार हुआ है तथा पत्रकारों को एकजुट करने में उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
प्रदेश उपाध्यक्ष के रूप में श्याम कुशवाह की नियुक्ति से संगठन को नई ऊर्जा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। पत्रकारों का मानना है कि उनके अनुभव और नेतृत्व क्षमता से प्रदेश स्तर पर पत्रकारों के हितों की प्रभावी पैरवी होगी तथा संगठन और अधिक सशक्त बनेगा।
अपनी नियुक्ति पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए श्याम कुशवाह ने संगठन के शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जो जिम्मेदारी उन्हें सौंपी गई है, उसका वे पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निर्वहन करेंगे तथा प्रदेशभर के पत्रकारों के हितों की रक्षा के लिए सदैव तत्पर रहेंगे।
इस अवसर पर अनेक वरिष्ठ पत्रकारों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं संगठन पदाधिकारियों ने श्याम कुशवाह को शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की है।

Comments