खरगोन। निमाड़ अंचल में महिला हॉकी को नई पहचान दिलाने के उद्देश्य से आयोजित स्वर्गीय सरदार मनमोहन सिंह चावला स्मृति अखिल भारतीय महिला हॉकी प्रतियोगिता में दूसरे दिन दर्शकों को रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। बुधवार को खेले गए मैचों में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर प्रतियोगिता को और भी दिलचस्प बना दिया।
आयोजक संस्था निमाड़ महिला हॉकी एकेडमी के अध्यक्ष मनजीत सिंह चावला ने बताया कि यह प्रतियोगिता महिला खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर मंच देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है। अखिल भारतीय आमंत्रित महिला हॉकी प्रतियोगिता का यह आठवां संस्करण जिले में महिला हॉकी के विकास को नई गति दे रहा है।
कोच इकबाल खान के अनुसार, दूसरे दिन के पहले मुकाबले में डीएचए नीमच और शिवपुरी कोलारस की टीमें आमने-सामने रहीं। शिवपुरी कोलारस की ओर से मुस्कान, शिवांशी, मुस्कान कुमारी और सलीना ने एक-एक गोल दागते हुए टीम को 4–0 की प्रभावशाली जीत दिलाई।
दिन के दूसरे मुकाबले में हिसार (हरियाणा) और निमाड़ महिला हॉकी एकेडमी खरगोन के बीच मुकाबला खेला गया। इसमें हिसार की आरती और इशिका के गोलों की बदौलत टीम ने 2–0 से जीत दर्ज की।
मैचों के दौरान क्रीड़ा निरीक्षक हबीब बेग मिर्जा, कोच रसीद खान, महिला हॉकी एकेडमी के सचिव अनिल पांडेय सहित खेल प्रेमी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
पंजीकृत रेफरियों ने संभाली कमान
प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका हॉकी एमपी से पंजीकृत रेफरी जावेद खान, सौरभ राजपूत, साहिल यादव एवं शिव प्रकाश ने निभाई, जिनके निष्पक्ष निर्णयों से मुकाबले सुचारू रूप से संपन्न हुए।
Comments
Post a Comment