मतदाता सूची का शुद्धिकरण भाजपा की सर्वोच्च प्राथमिकता : सुरेंद्र शर्मा
एसआईआर कार्यों की विधानसभावार समीक्षा, तीन दिन मंडलों में प्रवास का आह्वान
खरगोन। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं निमाड़ संभाग प्रभारी सुरेंद्र शर्मा ने कहा है कि मतदाता सूची का शुद्धिकरण ही भाजपा का प्रमुख लक्ष्य है और संगठन का हर कार्यकर्ता इस कार्य में समर्पण भाव से जुटा रहे। उन्होंने स्पष्ट किया कि यही सक्रियता आगामी चुनावों में विजय की मजबूत नींव बनेगी।
रविवार को जिले के प्रवास पर पहुंचे श्री शर्मा ने जिले में चल रहे विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यों की विधानसभावार समीक्षा बैठकें लीं। प्रवास की शुरुआत उन्होंने सुबह 11 बजे सेगांव स्थित देवी श्री लालबाई फूलबाई माताजी मंदिर में दर्शन के साथ की, इसके बाद सेगांव मंडल की बैठक में शामिल हुए। दोपहर 1 बजे वे भाजपा जिला कार्यालय पहुंचे।
जिला कार्यालय में आयोजित जिला टोली की बैठक में जिलाध्यक्ष श्रीमती नंदा ब्राह्मणे, एसआईआर प्रभारी ओमजी सोनी, विधायक बालकृष्ण पाटीदार, कसरावद के पूर्व विधायक आत्माराम पटेल, वरिष्ठ नेता चंदर सिंह वास्कले सहित जिला पदाधिकारी एवं मंडल प्रभारी उपस्थित रहे।
बैठक में जिलाध्यक्ष श्रीमती ब्राह्मणे ने कहा कि जिले के सभी पदाधिकारी अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन कर रहे हैं। संगठन के निर्देशों के अनुसार बूथ, शक्ति केंद्र एवं मंडल स्तर पर एसआईआर कार्य सक्रिय रूप से किया जा रहा है।
विधायक बालकृष्ण पाटीदार ने कहा कि एसआईआर प्रक्रिया को सर्वोच्च प्राथमिकता देना आवश्यक है। मतदाता सूची ही चुनाव का सबसे प्रभावी हथियार होती है, इसलिए इसे शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाना अत्यंत आवश्यक है। इसमें सभी जनप्रतिनिधि पूरी प्रतिबद्धता के साथ लगे हुए हैं।
तीन दिन केवल एसआईआर को समर्पित रहें
प्रदेश उपाध्यक्ष श्री शर्मा ने नवीन कार्यकारिणी पदाधिकारियों से परिचय लेते हुए दो टूक कहा कि पद नहीं, कार्य से मूल्यांकन होगा। उन्होंने निर्देश दिए कि 12, 13 और 14 जनवरी को चलने वाले महाअभियान के दौरान हर नेता अपने-अपने मंडल में प्रवास करे और एसआईआर के अलावा कोई अन्य कार्य न करें।
उन्होंने कहा कि मतदाता पुनरीक्षण केवल एक निर्वाचन प्रक्रिया नहीं, बल्कि लोकतंत्र की आधारशिला को मजबूत करने का अभियान है। बूथ, शक्ति केंद्र और मंडल स्तर पर नाम जोड़ने, संशोधन, सुधार और विलोपन की प्रक्रिया में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जाए, यही प्रयास चुनावी सफलता का मार्ग प्रशस्त करेगा।
विधानसभावार वन-टू-वन चर्चा
इसके पश्चात श्री शर्मा ने भाजपा जिला कार्यालय पर कौर ग्रुप, भगवानपुरा विधानसभा टोली एवं भीकनगांव विधानसभा टोली के साथ एक के बाद एक बैठकें लीं। इन बैठकों में उन्होंने पदाधिकारियों से वन-टू-वन चर्चा कर एसआईआर कार्यों की सतत मॉनिटरिंग की और जमीनी स्तर पर प्रभावी कार्य करने के लिए प्रेरित किया। बैठक का संचालन जिला कार्यालय मंत्री विजय पटेल ने किया तथा आभार प्रदर्शन महामंत्री विवेक भटोरे ने किया।

Comments
Post a Comment