खरगोन। मण्डलेश्वर थाना क्षेत्र के ग्राम सोमाखेड़ी में पत्नी की निर्मम हत्या के मामले में खरगोन पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया। घरेलू विवाद के चलते हुई इस वारदात से क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 26 दिसंबर 2025 को थाना मण्डलेश्वर पर सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम सोमाखेड़ी निवासी रामदेव पिता केसिया भावर ने खाना बनाने की बात को लेकर अपनी पत्नी निर्मला बाई (उम्र 40 वर्ष) से गाली-गलौच की। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने हाथ-मुक्कों और लातों से पत्नी के साथ मारपीट की, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही थाना मण्डलेश्वर में अपराध क्रमांक 375/2025 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 352 एवं 103(1) के अंतर्गत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक खरगोन श्री रविन्द्र वर्मा एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्रीमती शकुन्तला रुहल के निर्देशन तथा एसडीओपी मण्डलेश्वर श्रीमती श्वेता शुक्ला के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी मण्डलेश्वर उनि श्री दीपक यादव के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया।
पुलिस टीम ने तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर स्थल को सुरक्षित किया और आवश्यक साक्ष्य एकत्रित किए। साथ ही एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने वैज्ञानिक साक्ष्यों का संकलन किया। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए आसपास के क्षेत्रों में सघन तलाश अभियान चलाया गया और मुखबिरों को सक्रिय किया गया। संभावित ठिकानों पर दबिश देने के बाद पुलिस को सफलता मिली और आरोपी रामदेव पिता केसिया भावर को रात्रि के समय गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। इस कार्रवाई में एसडीओपी श्वेता शुक्ला, थाना प्रभारी दीपक यादव सहित उप निरीक्षक प्रवीण निकुम, सहायक उप निरीक्षक रमेश वास्कले, लक्ष्मीनारायण बडोदिया, प्रधान आरक्षक व आरक्षकों की टीम तथा एफएसएल अधिकारी डॉ. सुनील मकवाना व उनकी टीम का विशेष योगदान रहा। पुलिस की त्वरित कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना की जा रही है।

Comments
Post a Comment